हल्द्वानी - नैनीताल मोटर्स में Maruti Suzuki की पहली इलेक्ट्रिक SUV ‘ई-विटारा’ लॉन्च, जानिए कीमत और फीचर्स 

 

हल्द्वानी - रामपुर रोड़ स्थित नैनीताल मोटर्स नेक्सा शोरूम में मारुति सुजुकी की पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी ‘ई-विटारा’ का भव्य लॉन्च किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष नैनीताल दीपा दर्मवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने किया। इस अवसर पर नैनीताल मोटर्स के डायरेक्टर भूपेश अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, जनरल मैनेजर समीर नंदवानी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कंपनी ने ई-विटारा की शुरुआती कीमत 10.99 लाख रुपये (बेस मॉडल) रखी है, जिससे यह ग्राहकों के लिए एक आकर्षक विकल्प बनकर सामने आई है। डायरेक्टर भूपेश अग्रवाल ने बताया कि ई-विटारा ‘बैटरी ऐज़ ए सर्विस’ मॉडल के तहत उपलब्ध होगी। इस योजना में ग्राहकों को बैटरी उपयोग के लिए 3.99 रुपये प्रति किलोमीटर अलग से भुगतान करना होगा।

ई-विटारा में 49 KWH और 61 KWH के दो बैटरी विकल्प उपलब्ध हैं। कंपनी का दावा है कि एक बार फुल चार्ज होने पर यह एसयूवी लगभग 550 किलोमीटर की रेंज देने में सक्षम है, जो लंबी दूरी की यात्रा के लिए उपयुक्त है। ग्राहकों को 50 हजार रुपये मूल्य का होम चार्जर नि:शुल्क दिया जा रहा है। इसके साथ ही एक वर्ष की पब्लिक चार्जिंग सुविधा भी मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी। वाहन पर 8 वर्ष की वारंटी और तीन वर्ष बाद 60 प्रतिशत मूल्य पर सुनिश्चित बायबैक का ऑफर भी दिया जा रहा है।

शोरूम में हाई-स्पीड इलेक्ट्रिक चार्जर का भी अनावरण किया गया, जो महज 45 मिनट में वाहन को फुल चार्ज करने में सक्षम है। कंपनी ने लॉन्च से पहले देशभर में चार्जिंग स्टेशनों का विस्तृत नेटवर्क तैयार करने का दावा किया है, जिससे ग्राहकों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।