हल्द्वानी - ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी, परिवार में मचा कोहराम
Nov 4, 2026, 16:10 IST
हल्द्वानी - शहर के काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र के पास एक ट्रक ने आगे चल रही स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दमुवाढूंगा निवासी इरशाद (46) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। इरशाद की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।