हल्द्वानी - जमीन बेचने के नाम पर 1.10 करोड़ की ठगी का आरोप, पति-पत्नी धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज

 

 

भीमताल/हल्द्वानी - भीमताल कोतवाली पुलिस ने जमीन का सौदा करने के नाम पर 1.10 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोप में पति-पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हल्द्वानी के गौजाजाली बिचली, पुरानी आईटीआई बरेली रोड निवासी कमल जोशी की तहरीर पर ग्राम रमड़ी आनसिंह, फतेहपुर (हल्द्वानी) निवासी तथा वर्तमान में मेहरागांव स्थित विश्वकुलम में रहने वाले दिनेश चंद्र पांडे और उनकी पत्नी विमला पांडे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2021 में आरोपितों ने कमल जोशी के पिता अमरनाथ जोशी से 70 लाख रुपये उधार लिए थे, लेकिन निर्धारित समय पर राशि वापस नहीं की। इसके बाद कारोबार में नुकसान का हवाला देकर दोबारा आर्थिक सहायता मांगी। मना किए जाने पर आरोपितों ने मेहरागांव स्थित अपनी भूमि 1.18 करोड़ रुपये में बेचने का प्रस्ताव रखा।

शिकायत के अनुसार, इस सौदे के तहत अमरनाथ जोशी ने 1.10 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया। बाद में जब भूमि की रजिस्ट्री कराने की प्रक्रिया शुरू हुई तो पता चला कि संबंधित भूमि पहले से ही बंधक है। आरोप है कि इसके बाद न तो भूमि की रजिस्ट्री की गई और न ही भुगतान की गई रकम लौटाई गई।

कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर दिनेश चंद्र पांडे और विमला पांडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।