नैनीताल - धर्मांतरण मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी मोहम्मद यूनुस उर्फ AMDY गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला 

 

नैनीताल - जनपद नैनीताल में चर्चित धर्मांतरण प्रकरण में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भीमताल क्षेत्र से जुड़े इस मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद यूनुस उर्फ AMDY को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई भीमताल पुलिस, एसआईटी और एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा की गई। मामले में थाना मल्लीताल में 29 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2018 की धाराओं 3/5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2020 की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि वह अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर अलग-अलग नामों से महिलाओं से संपर्क करता था। फोटोग्राफी, वीडियो शूट, ट्रेकिंग और म्यूजिक सेशन जैसी गतिविधियों के जरिए पहले विश्वास जीतता और फिर उन्हें अपने प्रभाव में लेता था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने वर्ष 2020 से संपर्क बनाकर करीब 17 लाख रुपये विभिन्न उपकरणों पर खर्च कराए। इसके बाद विवाह का झांसा देकर अपनी धार्मिक पहचान छिपाई और कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। जांच के दौरान अन्य महिलाओं द्वारा भी इसी प्रकार के शोषण और जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास की शिकायतें सामने आईं, जिससे मामला और गंभीर हो गया।

 

हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत, पुलिस ने दबोचा- 
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने हाईकोर्ट का रुख किया, लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आखिरकार आरोपी को नैनीताल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा है कि जनपद में अवैध धर्मांतरण जैसी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत त्वरित और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।