हल्द्वानी - गौलापार में आज शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा लीजेंड्स क्रिकेट लीग, सुरेश रैना और इरफान पठान सहित यह खिलाड़ी खेलेंगे
हल्द्वानी - हल्द्वानी के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में बुधवार से लीजेंड्स क्रिकेट लीग का आगाज होने जा रहा है। उद्घाटन मुकाबला मुंबई स्पार्टन्स और इंडिया कैप्टन्स के बीच शाम साढ़े सात बजे खेला जाएगा। मुंबई स्पार्टन्स की कप्तानी सुरेश रैना करेंगे, जबकि इंडिया कैप्टन्स की कमान हाशिम अमला संभालेंगे।
दोनों टीमों में कई दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें इरफान पठान, एस. श्रीसंत और कार्लोस ब्रेथवेट जैसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर भी मैदान में उतरेंगे। लीग के सह-संस्थापक रहम रहेज ने बताया कि टूर्नामेंट को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मंगलवार शाम तक खिलाड़ी हल्द्वानी पहुंच चुके हैं।
खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था रामपुर रोड स्थित एक होटल और रुद्रपुर के एक होटल में की गई है। मैच से पहले शाम सात बजे टॉस होगा, जबकि मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा। दर्शकों की सुविधा को देखते हुए स्टेडियम के प्रवेश द्वार दोपहर चार बजे से ही खोल दिए जाएंगे।
स्कूली बच्चों को मिलेगी मुफ्त एंट्री -
आयोजकों ने स्थानीय स्कूलों के बच्चों के लिए विशेष पहल करते हुए 1500 स्कूली बच्चों को मैच देखने के लिए मुफ्त प्रवेश की सुविधा दी है। यह सुविधा ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर दी जाएगी। बच्चों को स्टेडियम में प्रवेश के लिए अपना स्कूल आईडी कार्ड साथ लाना होगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम -
मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है। स्टेडियम परिसर में बड़ी संख्या में निजी बाउंसर और सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से पुलिस बल भी तैनात रहेगा, ताकि दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।