हल्द्वानी - चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी की जमीन की हुई नीलामी, जानिए 1.16 करोड़ में किसने लगाई बोली 

 

हल्द्वानी - परियोजना प्रबंधक ब्रिडकुल की बकाया धनराशि जमा न करने पर प्रशासन ने बकायेदार की भूमि की नीलामी की। तहसीलदार हल्द्वानी कुलदीप पाण्डे ने बताया कि तहसील कार्यालय हल्द्वानी में 27 जनवरी 2026 को खुली बोली के माध्यम से नीलामी का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि बकायेदार धनंजय गिरी पुत्र जटाशंकर गिरी, निवासी सुभाष नगर हल्द्वानी पर ब्रिडकुल की कुल 3 करोड़ 1 लाख 3 हजार रुपये की धनराशि बकाया थी। बकाया न चुकाने पर ग्राम मल्ली बमौरी, तहसील हल्द्वानी स्थित उनकी अचल संपत्ति (खतौनी खाता संख्या-11, खसरा संख्या-217, रकबा 0.030 हेक्टेयर) को नीलाम किया गया।

 

यह भी पढ़ें - 
हल्द्वानी - शहर के चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मजदूर से बना ठेकेदार और फिर किया खेल शुरू

https://www.newstodaynetwork.com/uttarakhand/kumaon/dhananjay-giri-a-wellknown-contractor-of-haldwani-city-was/cid14593093.htm 

 

परगना अधिकारी/असिस्टेंट कलेक्टर प्रथम श्रेणी हल्द्वानी द्वारा 26 दिसंबर 2025 को आदेश जारी कर 30 दिवस पश्चात नीलामी तिथि 27 जनवरी 2026 निर्धारित की गई थी। नीलामी अधिकारी के रूप में तहसीलदार हल्द्वानी को नामित किया गया। नीलामी प्रक्रिया में कुल 9 बोलीदाताओं ने प्रतिभाग किया, हालांकि दो प्रतिभागी बोली के समय उपस्थित नहीं रहे। तीसरे चक्र में खीमानंद सनवाल पुत्र हीराबल्लभ सनवाल, निवासी पंत पार्क सुभाष नगर हल्द्वानी द्वारा 1 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये की सर्वोच्च बोली लगाई गई। इसके बाद किसी अन्य बोलीदाता द्वारा अधिक बोली न लगाए जाने पर उक्त भूमि की नीलामी खीमानंद सनवाल के पक्ष में संस्तुत की गई।

नीलामी की शर्तों के अनुसार सर्वोच्च बोलीदाता द्वारा 25 प्रतिशत धनराशि का भुगतान चेक के माध्यम से मौके पर ही किया गया। शेष प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत 30 दिवस के भीतर विक्रय पत्र जारी किया जाएगा।