लालकुआं - टस्कर हाथी का आतंक 72 घंटे में तीसरी मौत, टांडा जंगल में लकड़ी बीनने गई महिला को पटक-पटक कर मार डाला
लालकुआं - टांडा जंगल क्षेत्र में टस्कर हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। टांडा जंगल में बीते 72 घंटे के भीतर तीसरी दर्दनाक घटना में एक 60 वर्षीय महिला की हाथी ने पटक-पटक कर हत्या कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। जानकारी के अनुसार, शाह पठानी गांव से पंतनगर जाने वाले रास्ते पर तीन महिलाएं जंगल में लकड़ी बीनने गई थीं। इसी दौरान एक दांत वाला टस्कर हाथी अचानक उनकी ओर दौड़ पड़ा। महिलाएं जान बचाने के लिए भागने लगीं, लेकिन हाथी ने मैंना देवी (60), पत्नी स्वर्गीय बाबूलाल, निवासी झा कॉलोनी पंतनगर को पकड़ लिया। हाथी ने उन्हें सूंड से पटक कर और पैरों से कुचलकर मार डाला।
घटना के बाद साथ गई अन्य महिलाएं बदहवास हालत में कॉलोनी पहुंचीं और लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि महिला की मौत हो चुकी थी, जबकि हाथी जंगल की ओर निकल चुका था। मृतका के परिवार में तीन बच्चे दो बेटियां और एक बेटा हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा और टांडा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह वही टस्कर हाथी है, जिसने दो दिन पहले सांप पठानी क्षेत्र में खेत में सो रहे दो लोगों को भी मार डाला था, जिनमें से एक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। लगातार हो रही घटनाओं से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को पकड़ने या क्षेत्र से खदेड़ने की मांग की है, ताकि आगे किसी और की जान न जाए।