हल्द्वानी - डंपर में रेत के नीचे दबने से मजदूर की दर्दनाक मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

 

हल्द्वानी - लालकुआं क्षेत्र के एक स्टोन क्रशर में सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय मजदूर पवन सिंह की रेत के नीचे दबने से मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के हल्दूचौड़ निवासी पवन सिंह रोज की तरह काम पर गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह डंपर में रेत गिरने से रोकने के लिए किनारों पर कट्टे लगा रहा था। इसी दौरान स्टोन क्रशर में तैनात लोडर चालक ने कथित तौर पर बिना यह सुनिश्चित किए कि डंपर में कोई व्यक्ति मौजूद है या नहीं, रेत डालनी शुरू कर दी। देखते ही देखते पवन रेत के नीचे दब गया।

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण रेत गीली और भारी हो चुकी थी, जिससे पवन को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला। कुछ समय बाद जब डंपर से रेत उतारी जा रही थी, तब मजदूरों को रेत के नीचे पवन दबा हुआ मिला। उसे तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि डंपर को लोड करने से पहले यह सुनिश्चित किया जाता कि उसमें कोई व्यक्ति मौजूद नहीं है, तो यह हादसा टाला जा सकता था।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों और स्टोन क्रशरों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था तथा मशीनों के संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।