Kumaon Crime - विजिलेंस ने यहां 5 हजार की रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथों किया गिरफ्तार, इस काम के लिए की थी डिमांड 
 

 

हल्द्वानी -  विजिलेंस यूनिट कुमाऊं ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया है। टीम ने बागेश्वर जनपद की तहसील गरुड़ में तैनात डंगोली के पटवारी प्रवीण टाकुली को 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक युवक की शिकायत के बाद की गई, जिसमें पटवारी पर जमीन की पैमाइश के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था।

विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक, स्यालीस्टेट के एक युवक ने शिकायत की थी कि पटवारी प्रवीण टाकुली जमीन की नपाई के लिए उससे रिश्वत की मांग कर रहा है। प्राथमिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर विजिलेंस ने एक ट्रैप टीम का गठन किया। योजना के मुताबिक, जैसे ही आरोपी पटवारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे धर दबोचा। मौके से 5 हजार रुपये की रिश्वत की रकम बरामद कर जब्त कर ली गई।

विजिलेंस विभाग ने बताया कि आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। अधिकारी उसके अन्य संभावित भ्रष्टाचार मामलों की भी जांच कर रहे हैं। इस कार्रवाई से तहसील और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस ने आम जनता से अपील की है कि कोई भी सरकारी कर्मचारी यदि रिश्वत की मांग करता है तो उसकी निडर होकर शिकायत करें। विभाग हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करेगा।