Kumaon Crime - शांत पहाड़ में मची सनसनी, बुजुर्ग महिला की हत्या कर लूट की आशंका, गांव में दहशत और आक्रोश
Kumaon Crime - एक समय था जब पहाड़ शांत और सुरक्षित माने जाते थे पर अब ऐसा नहीं रहा, शहरों से निकलकर पहाड़ तक अपराध अपने पाँव पसार चूका है, अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लॉक के सांगण साहु गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गांव के बीच स्थित घर में 60 वर्षीय गंगा देवी पत्नी मोहन सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। गले पर चोट के निशान, कान से बहता खून और गायब गलोबंद ने लूट के बाद हत्या की आशंका को मजबूती दी है। शांत माने जाने वाले पहाड़ी गांव में इस घटना से हड़कंप मच गया है, जबकि ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
सुबह न दिखने पर बढ़ी चिंता, दोपहर में मिली लाश -
गंगा देवी घर में अकेले रहती थीं। उनके पति मोहन सिंह लमगड़ा बाजार में रेस्टोरेंट चलाते हैं और अधिकतर समय वहीं रहते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सुबह जब वह घर से बाहर नहीं निकली, तो दोपहर तक चिंता बढ़ी। पड़ोसी जब घर पहुंचे, तो दरवाजा खुला मिला, अंदर टीवी चालू थी और गंगा देवी बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी थीं। घटना की सूचना तुरंत पति और चंडीगढ़ में नौकरी कर रहे बेटे रविंद्र को दी गई।
गहना गायब, बाकी आभूषण सुरक्षित—लूट की ओर इशारा -
थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस के अनुसार मृतका के गले पर निशान, कान से खून और गायब गलोबंद कई सवाल खड़े कर रहे हैं। हालांकि अन्य आभूषण सुरक्षित मिले, जिससे यह आशंका और बढ़ती है कि अपराधी किसी खास गहने के पीछे थे या फिर अपराध को भटकाने की कोशिश की गई।
हर एंगल से जांच, फॉरेंसिक टीम भी जुटी -
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि प्राथमिक जांच में हत्या की बात सामने आ रही है। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और फॉरेंसिक टीम की मदद से गांव में सुराग जुटाए जा रहे हैं।
गांव में भय और आक्रोश, पुलिस से शीघ्र खुलासे की मांग -
वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस को बीते दिन घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।