Kumaon Crime - युवती को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आरोप, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
Kumaon Crime - रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक युवती को प्रेम संबंध के माध्यम से कथित रूप से मतांतरण के लिए प्रेरित करने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपित युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की सूचना पर हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोग भी चौकी पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप निवासी एक युवती का क्षेत्र के ही रहने वाले एक मुस्लिम युवक से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। गुरुवार को युवक युवती के घर पहुंचा, जहां परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और आवास विकास चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी चौकी पहुंच गए और युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ।
परिजनों का आरोप है कि युवती का मोबाइल फोन जांचने पर ऐसे संदेश मिले, जिनमें युवक कथित तौर पर उसे हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा था। इसके आधार पर युवती के पिता ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।