हल्द्वानी - 230 करोड़ की सड़क और ड्रेनेज परियोजनाओं का कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश
हल्द्वानी - शहर में करीब 230 करोड़ रुपये की लागत से यूयूएसडीए (UUSDA) द्वारा संचालित सड़क और ड्रेनेज परियोजनाओं का मंगलवार को कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिए।
आयुक्त दीपक रावत ने कैंप कार्यालय से पैदल मंगल पड़ाव तक सड़क और ड्रेनेज निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने शनि बाजार क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय के भीतर उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान यूयूएसडीए की परियोजनाओं में हो रही देरी पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने और यूयूएसडीए अधिकारियों को माइक्रो प्लान तैयार कर तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।
शहर में निर्माण कार्यों के कारण विभिन्न स्थानों पर बने गड्ढों और आम लोगों को हो रही परेशानियों पर भी आयुक्त ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि अनावश्यक देरी हुई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
विगत दिनों बरेली रोड पर हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए आयुक्त ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के साथ समन्वय कर दुर्घटना संभावित क्षेत्र में अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने लोगों से वाहन चलाते समय रॉन्ग साइड से बचने की अपील की और एनएचएआई अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थानों पर जल्द से जल्द चेतावनी संकेत (साइनेज) लगाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क खोदने के बाद उसकी पुनर्स्थापना समय पर की जाए और सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, परियोजना निदेशक यूयूएसडीए मृदुला सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर गुरप्रीत सिंह, उपजिलाधिकारी मोनिका, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रत्यूष सिंह सहित विद्युत, पेयजल और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।