नैनीताल - लोअर मॉल रोड की बदहाली पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत सख्त, डीएम को जांच के निर्देश
नैनीताल - सरोवर नगरी की लोअर मॉल रोड पिछले एक वर्ष से अधिक समय से बदहाल पड़ी है। सड़क की मरम्मत में हो रही देरी को लेकर अब कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने सख्ती दिखाई है। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल को व्यापार मंडल की ओर से उठाई गई
जनसमस्याओं का शीघ्र परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। लोअर मॉल रोड की मरम्मत में देरी समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मां नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन ने 15 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। लोक निर्माण विभाग की ओर से कार्य में देरी को लेकर विभिन्न कारण बताए गए और 10 अक्टूबर तक कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद 19 अगस्त को पुनीत टंडन ने सशर्त धरना समाप्त करते हुए प्रशासन को जनसमस्याओं के समाधान के लिए 14 दिन का समय दिया था।
आयुक्त दीपक रावत की ओर से जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में व्यापार मंडल द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं का शीघ्र परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद एक बार फिर लोअर मॉल रोड की मरम्मत और अन्य जनसमस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है।
वहीं व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन ने कहा कि धरना केवल दो सप्ताह के लिए स्थगित किया गया है। यदि तय समय में प्रशासन की ओर से संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो लोअर मॉल रोड पर दोबारा टेंट लगाकर आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार आंदोलन पहले से अधिक आक्रामक होगा।
व्यापार मंडल के सह मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ छेत्री ने कहा कि यदि मामले का निश्चित समय सीमा में संज्ञान लेकर समाधान नहीं किया गया तो संगठन की ओर से सर्वोच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर करने पर भी विचार किया जाएगा।