उत्तराखंड - रुद्रपुर से जीत का मंत्र देकर दिल्ली रवाना हुए खरगे, बोले- फोटो वाली राजनीति नहीं चलेगी, बताया किसे दिया जायेगा टिकट 

 

रुद्रपुर - कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अपने दो दिवसीय दौरे के बाद दिल्ली लौट गए हैं शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में उन्होंने जनसभा को सम्बोधित किया था, जिसके बाद आज रविवार को रुद्रपुर में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। रामपुर हाईवे स्थित एक होटल में हुई बैठक में उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, विधायकों और पूर्व सांसदों से सीधे संवाद कर संगठन की जमीनी स्थिति की जानकारी ली।

करीब चार घंटे चली बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार खरगे ने जिलेवार संगठन का फीडबैक लिया और पदाधिकारियों से बूथ स्तर पर पार्टी की स्थिति, स्थानीय मुद्दों और जनता के बीच कांग्रेस की सक्रियता को लेकर सवाल किए। उन्होंने टिकट वितरण, कार्यकर्ताओं की नाराजगी और पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी को लेकर भी पदाधिकारियों से जानकारी ली।

बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश - 
खरगे ने कहा कि अब केवल फोटो खिंचवाने वाली राजनीति से काम नहीं चलेगा। जो कार्यकर्ता जमीन पर सक्रिय रहकर जनता के बीच काम करेंगे, उन्हें ही आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने हर विधानसभा क्षेत्र में अगले छह महीने के भीतर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि गांव-गांव जाकर जनता की समस्याएं सुनी जाएं और राज्य सरकार की नाकामियों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाया जाए। महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और अग्निवीर योजना जैसे मुद्दों को लेकर भी बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई।

गुटबाजी छोड़ एकजुट होने का संदेश - 
कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आपसी गुटबाजी छोड़कर एकजुट होकर काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना जरूरी है। संगठन की एकजुटता और बूथ स्तर पर मजबूत पकड़ को 2027 में जीत के लिए अहम बताया गया।

विशेष विमान से दिल्ली रवाना -
बैठक समाप्त होने के बाद मल्लिकार्जुन खरगे सीधे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वह विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। एयरपोर्ट पर प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें विदाई दी।
बैठक में टिकट वितरण को लेकर भी चर्चा हुई। हालांकि पार्टी की ओर से अभी उम्मीदवारों के नाम को लेकर कोई अंतिम घोषणा नहीं की गई है। खरगे ने संकेत दिया कि चुनाव में संगठन के लिए सक्रिय और जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।