भीमताल - गूगल में 61.36 लाख के पैकेज पर चयनित कार्तिकेय को मिला सम्मान, एक लाख रुपये की नकद राशि भी दी
भीमताल - ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के भीमताल परिसर के छात्र कार्तिकेय वारियाल ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्र कार्तिकेय का चयन दिग्गज टेक कंपनी गूगल में 61.36 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर हुआ है। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित प्लेसमेंट समारोह-2026 में उन्हें एक लाख रुपये की नकद धनराशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डा. कमल घनशाला ने कार्तिकेय को सम्मानित करते हुए कहा कि वैश्विक संस्थानों में चयन महज संयोग नहीं, बल्कि समर्पण, निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम होता है। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर देती हैं।
डा. घनशाला ने कहा कि भीमताल परिसर की स्थापना का उद्देश्य कुमाऊं और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में विश्वस्तरीय शिक्षा, आधुनिक तकनीक और बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था। पहाड़ के युवाओं में प्रतिभा और बड़े सपने देखने की क्षमता है। जरूरत उन्हें सही मंच और अवसर देने की है। इसी उद्देश्य से वैश्विक तकनीकी बदलावों और कॉर्पोरेट जगत की जरूरतों को ध्यान में रखकर पाठ्यक्रम तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन जैसी कंपनियों में विद्यार्थियों का चयन इसी प्रयास का परिणाम है।
अपनी सफलता का अनुभव साझा करते हुए कार्तिकेय वारियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय में मिले मार्गदर्शन, मेंटरशिप और शैक्षणिक अवसरों ने गूगल में चयन की उनकी यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने जूनियर विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर लगातार मेहनत करने की सलाह दी। साथ ही अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग और प्रोत्साहन को दिया।
कार्तिकेय के पिता बसंत बल्लभ वारियाल ने भी विश्वविद्यालय का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय के सहयोगपूर्ण शैक्षणिक वातावरण ने बेटे की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।समारोह में विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।