हल्द्वानी - चंदन हॉस्पिटल की जांच को संयुक्त समिति गठित, अगर आपके पास भी हैं साक्ष्य तो यहां करें जमा
हल्द्वानी - जनपद नैनीताल जिला के हल्द्वानी स्थित चंदन हॉस्पिटल में उपचार के नाम पर अवैध वसूली, चिकित्सा में लापरवाही, आर्थिक शोषण एवं कुप्रबंधन के आरोपों की जांच के लिए प्रशासन ने संयुक्त जांच समिति का गठन किया है। जिलाधिकारी, नैनीताल के आदेश संख्या 1258/29-ए.आर.ए./2025-26 दिनांक 19 फरवरी 2026 के तहत गठित इस समिति में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), नैनीताल को अध्यक्ष बनाया गया है। नगर मजिस्ट्रेट, हल्द्वानी तथा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (तृतीय), हल्द्वानी को सदस्य नामित किया गया है।
इन बिंदुओं पर होगी जांच -
समिति द्वारा निम्नलिखित विषयों पर विस्तृत जांच की जाएगी—
अस्पताल द्वारा ली जा रही फीस एवं निर्धारित स्वास्थ्य मानकों का परीक्षण।
मरीजों के आर्थिक एवं मानसिक शोषण तथा चिकित्सा में लापरवाही के आरोपों से संबंधित साक्ष्यों का संकलन।
7 दिन में दें बयान या साक्ष्य -
प्रशासन की ओर से आमजन से अपील की गई है कि इस संबंध में जानकारी रखने वाले सम्बद्ध या असम्बद्ध व्यक्ति विज्ञप्ति के प्रकाशन से सात दिनों के भीतर अपना मौखिक अथवा लिखित बयान, अभिकथन या अन्य साक्ष्य किसी भी कार्यदिवस पर गठित जांच समिति के अधिकारियों के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।