हल्द्वानी - नाबालिग से दुष्कर्म मामले में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने घेरी कोतवाली दिया धरना, पुतला भी फूंका 

 

हल्द्वानी - एबीवीपी अध्यक्ष पद के प्रत्याशी और उसके साथियों पर नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपों से जुड़ा मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर सोमवार को महिला कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला कार्यकर्ताओं के साथ मुखानी कोतवाली पहुंचीं और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कोतवाली परिसर में धरने पर बैठ गईं। वहीं, आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक कार्यालय के सामने पुतला दहन कर विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि मामले में पीड़ित नाबालिग के परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है और उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने पुलिस से घटना में कथित रूप से इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को कब्जे में लेने की मांग की।

ज्योति रौतेला ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। महिला कांग्रेस ने पुलिस से पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा देने के साथ ही उन्हें न्याय दिलाने की मांग उठाई।

मामले को लेकर महिला कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद हल्द्वानी में राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। अब इस प्रकरण में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।