हल्द्वानी - एक मंडप में 29 जोड़ों ने लिए सात फेरे, पुनर्नवा महिला समिति की पहल से जरूरतमंद बेटियों का विवाह हुआ संपन्न
हल्द्वानी - बेटियों की शादी का खर्च कई बार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे परिवारों को आर्थिक बोझ से राहत देने के उद्देश्य से हल्द्वानी की पुनर्नवा महिला समिति लगातार सामूहिक विवाह का आयोजन कर रही है। रविवार 22 नवंबर को तुलसी विवाह के अवसर पर समिति की ओर से 29 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया गया। इस आयोजन के साथ ही समिति अब तक 450 से अधिक कन्याओं का विवाह करा चुकी है।
हल्द्वानी के पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच परिसर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 29 जोड़ों ने एक ही मंडप में वैवाहिक रस्में निभाईं और सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान दूल्हा-दुल्हन के साथ उनके परिजन भी उत्साहित नजर आए। समारोह में जरूरतमंद परिवारों को बेटी की शादी के खर्च से राहत मिलने पर खुशी दिखाई दी।
पुनर्नवा महिला समिति की अध्यक्ष लता बोरा ने बताया कि संस्था ने वर्ष 2009 में इस पहल की शुरुआत की थी। शादी में होने वाला खर्च कई गरीब परिवारों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। कई परिवारों को बेटी की शादी के लिए कर्ज तक लेना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए समिति ने सामूहिक विवाह के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की मदद करने का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि संस्था वर्ष 2009 से लगातार यह आयोजन कर रही है और अब तक 450 से अधिक बेटियों का विवाह संपन्न करा चुकी है।
समिति की ओर से नवविवाहित दुल्हनों को गृहस्थी के जरूरी सामान और उपहार भी दिए जाते हैं। इसमें बेड, गद्दा, बक्सा और कंबल सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। समिति की इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग मिल रहा है।
Punarnava Mahila Samiti, 29 Couples Mass Marriage.