रुद्रपुर - कमिश्नर दीपक रावत के सामने शिव अरोड़ा और राजकुमार ठुकराल में जमकर तू-तू-मैं-मैं, आई हाथापाई की नौबत
रुद्रपुर - ऊधम सिंह नगर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक के दौरान मौजूदा भाजपा विधायक शिव अरोड़ा और पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की मौजूदगी में हुए विवाद के दौरान बैठक का माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। स्थिति इतनी बिगड़ी कि हाथापाई की नौबत आने की बात सामने आई। बैठक में जिले में SIR के दौरान सामने आ रही आपत्तियों और अन्य समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान को लेकर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया जा रहा था। इसी दौरान किसी मुद्दे को लेकर शिव अरोड़ा और राजकुमार ठुकराल के बीच बहस शुरू हो गई। जमकर तू-तू-मैं-मैं, हुई साथ ही आई हाथापाई की नौबत तक आ पहुंची
तीखी बहस के बाद बढ़ा विवाद -
बहस के दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी तकरार हुई। आरोप है कि राजकुमार ठुकराल ने विधायक शिव अरोड़ा से तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच माहौल और गरमा गया। विवाद बढ़ने पर बैठक में मौजूद अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया। अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा और एसडीएम मनीष बिष्ट ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया और दोनों पक्षों को शांत कराया। काफी प्रयासों के बाद मामला नियंत्रित हो सका।
बैठक में धरने पर बैठे भाजपा नेता -
विवाद के बाद बैठक का माहौल कुछ देर तक तनावपूर्ण रहा। बताया जा रहा है कि घटना के विरोध में भाजपा नेता धरने पर भी बैठ गए। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को संभाल लिया गया।
SIR जैसी महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया को लेकर बुलाई गई बैठक में जनप्रतिनिधियों के बीच हुए विवाद से बैठक की कार्यवाही प्रभावित हुई। घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसके बाद मामला चर्चा में है।