उत्तराखंड - वैक्सीन लगाओगी तो मां नहीं बन पाओगी, यहां आशा कार्यकर्ता को अफवाह फैलाना पड़ा भारी, सेवा की समाप्त

 

उत्तराखंड - सर्वाइकल कैंसर रोधी वैक्सीन को लेकर बालिकाओं और अभिभावकों में डर फैलाने वाली काशीपुर की एक आशा कार्यकर्ता के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। “टीका लगवाने के बाद लड़कियां मां नहीं बन पाएंगी” जैसी भ्रामक बातें फैलाने के आरोप में संबंधित आशा कार्यकर्ता की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।

 

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित टीकों के खिलाफ गलत जानकारी फैलाना जनस्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर रोधी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और महिलाओं को गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से लगाई जाती है। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण अभियान को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगा। उन्होंने बताया कि संबंधित आशा कार्यकर्ता काशीपुर क्षेत्र में कार्यरत थी।

 

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आशा कार्यकर्ता की सेवा समाप्त किए जाने के बाद अब ग्राम प्रधान की संस्तुति पर नई आशा कार्यकर्ता की नियुक्ति की जाएगी, ताकि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं और टीकाकरण अभियान प्रभावित न हों। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल विशेषज्ञों व स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी जानकारी पर ही भरोसा करें।