हल्द्वानी - मोरनौला-मझोला सड़क बनेगी तो चार जिलों की राह होगी आसान, इन लोगों ने सांसद अजय भट्ट को सौंपा ज्ञापन
हल्द्वानी - वर्षों से अधूरे पड़े मोरनौला-मझोला मोटर मार्ग को पूरा कराने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. मुकेश बेलवाल के नेतृत्व में क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट को ज्ञापन सौंपकर मार्ग के शेष हिस्से का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया कि मोरनौला-मझोला मोटर मार्ग वर्ष 1972 में स्वीकृत हुआ था। मार्ग का निर्माण दोनों ओर से किया गया, लेकिन बीच के कुछ हिस्सों का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है। इसके चलते करीब पांच दशक बाद भी यह महत्वपूर्ण मार्ग पूरी तरह यातायात के लिए उपयोगी नहीं बन पाया है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, मार्ग के पूरा होने से नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और अल्मोड़ा जिलों के कई दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। इससे पहाड़ और मैदानी क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होने के साथ ही पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। इसके अलावा हल्द्वानी पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में भी यह मार्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
ज्ञापन में सांसद से शेष हिस्से के निर्माण के लिए संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई कराने और निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने का आग्रह किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मार्ग पूरा होने से क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या का समाधान होगा और चार जिलों की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। इस दौरान मंडल अध्यक्ष पान सिंह मेवाड़ी, विनोद चौसाली, पूर्व प्रधान नेत्र सिंह बिष्ट, चरणजीत सिंह और उमेश सिंह मेवाड़ी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।