लालकुआं - नाबालिग को धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था इब्राहिम, AI से अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार
लालकुआं - नैनीताल जनपद के लालकुआं क्षेत्र में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और AI तकनीक के जरिए अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने के गंभीर मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को पीड़िता ने कोतवाली लालकुआं में तहरीर देकर बताया कि करीब दो महीने पहले इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी (लड़की की फोटो लगी हुई) के जरिए उससे संपर्क किया गया। आरोपी ने बातचीत के दौरान उसकी निजी जानकारी हासिल कर मोबाइल नंबर लिया और फिर लगातार संपर्क में रहा।
आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता के साथ जबरन छेड़छाड़ की और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर उसने AI तकनीक के माध्यम से अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को FIR दर्ज कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली लालकुआं में धारा 78/79 बीएनएस और 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता संशोधन अधिनियम-2022 की धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने सर्विलांस की मदद से 1 मई 2026 को आरोपी को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान इब्राहिम (27) निवासी सरकरा, थाना बाजपुर, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में धर्मांतरण से जुड़े किसी भी अपराध पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।