हल्द्वानी - भोटिया पड़ाव में महिला से चेन स्नैचिंग का आरोपी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, 10 से अधिक मुकदमे हैं दर्ज
हल्द्वानी - दिनांक 08.05.2026 को चौकी क्षेत्र भोटियापड़ाव में एक महिला से बाइक सवार अज्ञात बदमाश द्वारा सोने की चेन छीनकर फरार होने की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर लिया है। मामले में शिकायकर्ता नीता शाह निवासी तुलसी नगर पॉलीशीट काठगोदाम, जिला नैनीताल द्वारा 18.05.2026 को कोतवाली हल्द्वानी में दी गई तहरीर के आधार पर FIR संख्या 166/26 धारा 304(2) बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल के नेतृत्व में तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली।
पुलिस टीम ने 19.05.2026 को अभियुक्त आकाश कुमार गौतम (25 वर्ष), निवासी खना गोटिया, सीबीगंज, बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, बिना नंबर प्लेट की अपाचे RR 310 मोटरसाइकिल तथा एक अवैध 315 बोर तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है, जबकि अवैध हथियार बरामद होने पर अलग से FIR संख्या 169/26 धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त सीबीगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी सहित कुल 10 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के आपराधिक इतिहास में गुजरात पुलिस एवं रुद्रपुर पुलिस के साथ मुठभेड़ की घटनाएं भी शामिल हैं, जिनमें उसे गोली लग चुकी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर राहत की भावना है, वहीं अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।