हल्द्वानी की हेमा भाट सेना में बनीं लेफ्टिनेंट कर्नल, पिता और पति भी सेना में, 15 वर्षों से दे रहीं आर्मी में सेवाएं

 

हल्द्वानी - हिम्मतपुर मल्ला भगवानपुर रोड स्थित डिफेंस कॉलोनी निवासी हेमा भाट को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर पदोन्नति मिली है। वर्तमान में वह सेना में नर्सिंग अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं और पिछले 15 वर्षों से देश की सेवा कर रही हैं। हेमा भाट सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर उमेद सिंह भाट की पुत्री हैं। उनका मूल निवास पिथौरागढ़ जिले के ग्राम सिरतोली में है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर उमेद सिंह भाट ने बताया कि देश के प्रति उनकी उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए उन्हें 26 जनवरी 2023 को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया था। इसके बाद एक मार्च को उन्हें लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर पदोन्नत किया गया। वर्तमान में हेमा भाट पंजाब स्थित एयर फोर्स स्टेशन के एक मेडिकल यूनिट में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उनके पति कर्नल भीष्म चौहान भी भारतीय सेना में कार्यरत हैं।