उत्तराखंड - प्रदेश में बारिश से भारी तबाही, कालाढूंगी में सरकारी बोलेरो बहने से एक व्यक्ति लापता, देहरादून के हालात ख़राब 

 

देहरादून/कालाढूंगी – उत्तराखंड में मानसून जाते-जाते भारी तबाही मचा रहा है। बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राजधानी देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, टिहरी और नैनीताल जिलों में भारी नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं।

देहरादून में जलप्रलय जैसे हालात - 
देहरादून के मालदेवता, सहस्त्रधारा और टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। बीते रात बादल फटने से यहाँ भारी नुकसान हुआ है। टपकेश्वर मंदिर के नीचे बहने वाली तमसा नदी उफान पर है और मंदिर के पास बना पुल पूरी तरह से बह गया है। कई दुकानों और घरों में पानी घुस गया है। ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई वाहन बह गए हैं और बदरीनाथ नेशनल हाईवे जगह-जगह से वॉशआउट हो चुका है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत-बचाव कार्यों में जुटी हैं।

कालाढूंगी में सरकारी बोलेरो बहने से एक लापता - 
नैनीताल जिले के कालाढूंगी में सोमवार 16 सितंबर को एक बड़ा हादसा सामने आया। क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण एक बरसाती नाले में लोक निर्माण विभाग (PMGSY) की सरकारी बोलेरो बह गई। वाहन में सवार तीन लोगों में से दो को समय रहते बचा लिया गया, लेकिन एक व्यक्ति, जिसकी पहचान दीपक रस्तोगी के रूप में हुई है, अब भी लापता है। हादसे के बाद प्रशासन और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नालों, नदी-नालों और जलप्रवाह क्षेत्रों से दूर रहें। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के लिए राज्य के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।