हल्द्वानी - नैनीताल पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 56.25 लाख के गुम मोबाइल फोन बरामद, लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

 

हल्द्वानी - एसएसपी नैनीताल डॉ० मंजुनाथ टी०सी० के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस ने एक सराहनीय अभियान चलाते हुए अप्रैल से 24 जून 2026 के बीच गुम हुए 256 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सुपुर्द कर दिया। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 56.25 लाख रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, जनपद स्तर पर गठित मोबाइल ऐप सैल एवं साइबर सेल टीम को CEIR पोर्टल और नैनीताल पुलिस मोबाइल ऐप के माध्यम से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। एसएसपी नैनीताल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोबाइल रिकवरी टीम को सख्त निर्देश दिए।

एसपी नैनीताल डॉ० जगदीश चन्द्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन/हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के मार्गदर्शन में और उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी जांच और निरंतर प्रयासों के जरिए उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड के विभिन्न जिलों से मोबाइल फोन बरामद किए।

बरामद किए गए मोबाइलों में आईफोन, सैमसंग, ओप्पो, वनप्लस, रियलमी, वीवो, मोटोरोला, इनफिनिक्स, रेडमी, पोको, लावा, आईक्यू, टेक्नो और इटेल सहित विभिन्न ब्रांड शामिल हैं। कुल 256 मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए गए, जिन्हें पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।

इस अभियान में उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचंद्र प्रजापति की अहम भूमिका रही। एसएसपी नैनीताल ने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए मोबाइल रिकवरी टीम को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा भी की है।