हल्द्वानी - 23 अक्टूबर से सजेगा कुमाऊं द्वार महोत्सव, लोक कलाकार बिखेरेंगे संस्कृति के रंग, मैथिली ठाकुर रहेंगी आकर्षण का केंद्र

 

हल्द्वानी - कुमाऊं की समृद्ध लोक संस्कृति, संगीत और परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हल्द्वानी में कुमाऊं द्वार महोत्सव के चौथे संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। वैदेही कल्चरल एजुकेशन एंड आर्ट फाउंडेशन की ओर से 23 से 27 अक्टूबर तक एमबी ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय महोत्सव में उत्तराखंड के कई प्रसिद्ध लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

महोत्सव में लोक गायिका खुशी जोशी और लोक गायक गोविंद दिगारी की लोकप्रिय जोड़ी एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करेगी। वहीं, मशहूर भजन गायिका मैथिली ठाकुर भी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होंगी। इनके अलावा लोक गायक प्रीतम भरतवाण, इंदर आर्य, स्वामी भट्ट, अनिल रावत, ममता आर्य, जितेंद्र तोमक्याल, चंद्रप्रकाश, राकेश खनवाल, कैलाश कुमार, दर्शन फर्स्वाण, मनोज आर्य, ललित गिट्यार, आशा नेगी और सुरेश साजन सहित कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।

पांच दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव के माध्यम से कुमाऊं की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक संगीत को मंच प्रदान किया जाएगा। विभिन्न कलाकारों की प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों को उत्तराखंड की लोक संस्कृति के विविध रंग देखने और सुनने को मिलेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि महोत्सव में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का आनंद लेंगे।