हल्द्वानी - प्रेमिका के साथ पति को रंगे हाथ पकड़ने पर पत्नी-बच्चों ने की जमकर पिटाई, पुलिस ने कराया समझौता
हल्द्वानी - मुखानी क्षेत्र में बुधवार शाम उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला ने अपने पति को दूसरी महिला के साथ एक घर में रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्साई पत्नी ने बच्चों के साथ मिलकर पति की पिटाई कर दी। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया।
जानकारी के अनुसार, मुखानी निवासी महिला को लंबे समय से अपने पति के दूसरी महिला से संबंध होने का संदेह था। बताया जा रहा है कि पति परिवार से अलग रहकर दूसरी महिला के साथ समय बिता रहा था। बुधवार शाम पति के वहां मौजूद होने की सूचना मिलने पर महिला अपने बच्चों के साथ मौके पर पहुंच गई।
कमरे में पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। पत्नी और बच्चों ने पति की चप्पलों से पिटाई कर दी। इस दौरान दूसरी महिला के साथ भी तीखी नोकझोंक हुई। सड़क पर हंगामा बढ़ने से आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना पर मुखानी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। थाना प्रभारी सुशील जोशी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। परिवार की काउंसिलिंग कराई जाएगी तथा आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।