हल्द्वानी - विजिलेंस का बड़ा एक्शन, उरेडा परियोजना अधिकारी 40 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 

हल्द्वानी - उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उरेडा के परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उरेडा कार्यालय में उसके सोलर प्लांटों की संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट लंबे समय से लंबित पड़ी है। आरोप था कि परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल फाइलों को आगे बढ़ाने के लिए प्रति फाइल 10 से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।

शिकायतकर्ता की चार फाइलें लंबित थीं, जिनके निस्तारण के लिए आरोपी अधिकारी ने कुल 40 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था, जिसके बाद उसने विजिलेंस से संपर्क किया। विजिलेंस ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।

शुक्रवार को पूर्व निर्धारित योजना के तहत विजिलेंस टीम ने उरेडा कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल, निवासी राजनगर, पीरूमदारा, रामनगर (जनपद नैनीताल) को 40 हजार रुपये की रिश्वत सौंपी, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।