हल्द्वानी - कम लोड कनेक्शन लेकर ज्यादा बिजली खर्च कर रहे लोगों पर ऊर्जा निगम सख्त, घर-घर होगी जांच, इतनों को नोटिस 

 

हल्द्वानी - भीषण गर्मी के चलते कूलर और एयर कंडीशनर (एसी) का इस्तेमाल बढ़ने से बिजली की मांग में भारी इजाफा हो गया है। हल्द्वानी समेत आसपास के क्षेत्रों में बिजली की डिमांड करीब 60 प्रतिशत तक बढ़ गई है। बढ़ते लोड के कारण ट्रांसफार्मरों पर दबाव बढ़ रहा है और कई ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर जवाब देने लगे हैं।

ऊर्जा निगम के अनुसार सबसे अधिक समस्या उन उपभोक्ताओं की वजह से सामने आ रही है, जिन्होंने कम बिजली लोड स्वीकृत कराया है, लेकिन अधिक क्षमता वाले उपकरणों का उपयोग कर रहे हैं। इससे बिजली व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए ऊर्जा निगम ने मंगलवार से विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है। विद्युत वितरण खंड हल्द्वानी ग्रामीण के अधिशासी अभियंता एसके गुप्ता ने बताया कि पहले दिन कमलुवागांजा और टीपी नगर उपकेंद्र क्षेत्र में घर-घर जांच की गई।

जांच के दौरान 42 ऐसे उपभोक्ता मिले, जिन्होंने कम लोड लिया हुआ था लेकिन बिजली की खपत अधिक कर रहे थे। निगम की ओर से ऐसे उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं और उन्हें वास्तविक खपत के अनुसार बिजली लोड बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में लोड नहीं बढ़ाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।