हल्द्वानी - बेटी के शादी कार्ड बांटने निकले पिता का शव यहां गधेरे में मिला, हत्या या हादसा जांच में जुटी पुलिस
हल्द्वानी - भुजियाघाट क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अपनी बेटी की शादी के कार्ड बांटने निकले एक पोस्टमैन का शव गधेरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और परिवार में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया है। मृतक की पहचान नवीन चंद्र (उम्र लगभग 50 वर्ष) पुत्र गोविंद बल्लभ, निवासी बंदरजूड़ा, बैलपोखरा रामनगर के रूप में हुई है। वह कोटाबाग स्थित डाकघर में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार, वह अपनी बड़ी बेटी भावना की 21 अप्रैल को होने वाली शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए सुयालबाड़ी जा रहे थे।
गधेरे में मिला शव -
शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि भुजियाघाट बाजार के पास पुल के नीचे एक व्यक्ति पानी में डूबा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि व्यक्ति मुंह के बल पानी में पड़ा था और उसके पैर मुड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि गधेरे में पानी की गहराई करीब 8 से 10 फीट थी। स्थानीय लोगों की मदद से जल पुलिस कर्मी ने रस्सी के सहारे शव को बाहर निकाला। तलाशी के दौरान पास से एक काला बैग बरामद हुआ, जिसमें आधार कार्ड, शादी के निमंत्रण पत्र और अन्य दस्तावेज मिले।
आखिरी कॉल ने बढ़ाया रहस्य-
परिजनों ने बताया कि नवीन चंद्र ने शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे फोन कर बताया था कि वह भवाली में एक रिश्तेदार के यहां रुके हैं और खाना खाकर सोने जा रहे हैं। लेकिन अगले दिन सुबह से उनका मोबाइल बंद मिला और शाम को उनकी मौत की खबर आई। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब उन्हें सुयालबाड़ी जाना था, तो वह भुजियाघाट कैसे पहुंचे? मृतक का मोबाइल भी अभी तक बरामद नहीं हुआ है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हादसा है, आत्महत्या या फिर हत्या। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। छोटी बेटी गुंजन का रो-रोकर बुरा हाल है और उसकी तबीयत भी बिगड़ती जा रही है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। फिलहाल, यह मामला रहस्य बना हुआ है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।