हल्द्वानी - डेढ़ महीने से लापता किशोरी का इंस्टाग्राम ने खोला राज, गुजरात के सिनेमा हॉल में किशोर के साथ मिली
हल्द्वानी - बनभूलपुरा थाना क्षेत्र से करीब डेढ़ माह पहले लापता हुई 15 वर्षीय किशोरी को हल्द्वानी पुलिस ने गुजरात के जामनगर से सकुशल बरामद कर लिया। किशोरी को अपने साथ ले जाने वाला किशोर भी पुलिस के हाथ लग गया। दोनों की तलाश में पुलिस ने मुखबिर तंत्र के साथ सर्विलांस और इंस्टाग्राम आईडी के आईपी एड्रेस की मदद ली। पुलिस के अनुसार, किशोरी के लापता होने के बाद जांच में सामने आया कि वह एक किशोर के साथ स्कूटी से गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान यह भी पता चला कि किशोर ने घर से निकलने के कुछ दिन बाद अपने दोनों मोबाइल फोन ई-कॉमर्स पोर्टल के जरिए बेच दिए थे। पोर्टल की गोपनीयता नीति के चलते पुलिस को खरीदार और विक्रेता से संबंधित जरूरी जानकारी नहीं मिल सकी, जिससे दोनों को ट्रेस करने में दिक्कत हुई।
इंस्टाग्राम लॉगिन से मिली लोकेशन -
पुलिस के मुताबिक, आठ अगस्त को किशोर ने नए मोबाइल फोन में अपनी इंस्टाग्राम आईडी लॉगिन की। सर्विलांस टीम ने आईपी एड्रेस को ट्रेस किया तो उसकी लोकेशन गुजरात के जामनगर में मिली। इसके बाद पुलिस ने वहां दोनों की तलाश शुरू की। 16 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि किशोरी और किशोर जामनगर के एक सिनेमा हॉल में फिल्म देखने पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही हल्द्वानी पुलिस ने गुजरात पुलिस से संपर्क किया। संयुक्त कार्रवाई में करीब एक घंटे के भीतर दोनों को सिनेमा हॉल से बरामद कर लिया गया।
एक जुलाई को स्कूल के लिए निकली थी किशोरी -
पुलिस के अनुसार, एक जुलाई को किशोरी के पिता उसे तिकोनिया स्थित एक निजी स्कूल के गेट पर छोड़कर आए थे। दोपहर में छुट्टी के समय जब वह उसे लेने पहुंचे तो पता चला कि किशोरी स्कूल पहुंची ही नहीं थी। इसके बाद परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में किशोरी एक किशोर के साथ स्कूटी पर जाती दिखाई दी।
जांच में सामने आया कि किशोर ने कुछ दूरी पर किशोरी को स्कूटी से उतारा और वाहन लेकर अपने घर चला गया। इसके बाद दोनों सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से दूसरे राज्य के लिए रवाना हुए और अंततः गुजरात के जामनगर पहुंचे।
स्वामी विहार गौजाजाली उत्तर निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह एक जुलाई की सुबह अपनी पुत्री को तिकोनिया स्थित एक निजी स्कूल के गेट पर छोड़कर आए थे। दोपहर में छुट्टी के समय जब वह बेटी को लेने पहुंचे तो पता चला कि वह स्कूल पहुंची ही नहीं थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पहले ही किशोर के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। अब पुलिस टीम दोनों को हल्द्वानी लेकर आएगी। किशोरी को परिवार के सुपुर्द करने के साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।