हल्द्वानी - एसटीएच कैथ लैब निर्माण में देरी पर भड़के सांसद अजय भट्ट, मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ने दी यह सफाई 

 

हल्द्वानी - सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में बन रही कैथ लैब के निर्माण में हो रही देरी को लेकर नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस मुद्दे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखते हुए कार्यदायी संस्था मंडी परिषद पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि कैथ लैब जैसी अत्यंत महत्वपूर्ण सुविधा का समय पर निर्माण न हो पाना गंभीर लापरवाही का संकेत है, जिससे मरीजों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने में अनावश्यक देरी हो रही है। उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर मंडी परिषद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।

 

इस पर मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू सामने आए और सफाई देते हुए कहा कि सांसद की नाराजगी उचित है, लेकिन देरी की असल वजह अस्पताल प्रबंधन द्वारा अब तक मशीनरी की आपूर्ति न किया जाना है। उन्होंने कहा कि कैथ लैब की मशीन आने के बाद ही उसके अनुरूप ढांचा तैयार कर इंस्टॉलेशन संभव हो पाएगा। परिषद की साख का बचाव करते हुए डब्बू ने कहा कि मंडी परिषद अब तक 400 से अधिक भवनों का निर्माण कर चुकी है और गुणवत्ता को लेकर कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने अधिकारियों को एसटीएच जाकर निर्माण कार्य का निरीक्षण करने और सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं।

 

अध्यक्ष ने कहा, “कैथ लैब सिर्फ सांसद अजय भट्ट का नहीं, बल्कि पूरे हल्द्वानी की जनता का सपना है। इसे हर हाल में शीघ्र पूरा किया जाएगा।” साथ ही उन्होंने सांसद से अपील की कि वे अस्पताल प्रबंधन से भी संवाद स्थापित करें ताकि जरूरी मशीन जल्द मंगाई जा सके और निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। सूत्रों के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन इस संबंध में कई बार संबंधित विभागों को पत्र भेज चुका है, लेकिन मशीन की आपूर्ति अब तक नहीं हो पाई है। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि निर्माण कार्य कब तक पूरा होता है और हल्द्वानीवासियों को यह बहुप्रतीक्षित सुविधा कब तक मिल पाती है।