हल्द्वानी - रॉन्ग साइड ट्रकों का कहर स्कॉर्पियो पलटी, दो दिनों में दूसरा बड़ा हादसा, प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल
हल्द्वानी - राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर रॉन्ग साइड चल रहे भारी वाहनों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। गैस प्लांट से बेरीपड़ाव के बीच स्टोन क्रशरों से उपखनिज ढो रहे ट्रक और ट्राले खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। मंगलवार सुबह गैस प्लांट के पास एक तेज रफ्तार ट्राला गलत दिशा में आ गया। सामने से आ रही स्कॉर्पियो के चालक ने टक्कर से बचने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में स्कॉर्पियो सवार लोगों को चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों के भीतर इसी मार्ग पर यह दूसरा बड़ा हादसा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्टोन क्रशर से जुड़े भारी वाहन समय बचाने के लिए रॉन्ग साइड का इस्तेमाल करते हैं, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ गई है। कई बार शिकायतों के बावजूद न तो नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और न ही नियम तोड़ने वालों पर सख्ती दिखाई दे रही है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए और रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।