हल्द्वानी - तेज रफ्तार कैंटर ने ली रोडवेज चालक की जान, घर लौटते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम
हल्द्वानी - शहर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज चालक की मौत हो गई। ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे चालक को तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल चालक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौलापार के पश्चिमी खेड़ा निवासी 44 वर्षीय अजय सिंह कुंजवाल काठगोदाम डिपो में रोडवेज चालक के पद पर कार्यरत थे। उन्हें आश्रित कोटे के तहत नौकरी मिली थी। रविवार रात करीब 11:30 बजे वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही वह घर के समीप पहुंचे, चोरगलिया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय सिंह लगभग 30 मीटर दूर जा गिरे। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन बिष्ट की मदद से घायल चालक को तत्काल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बाद में कैंटर चालक को हिरासत में लेकर वाहन को सीज कर दिया है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने पीछे दो बेटियां और एक छोटा बेटा छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि कुछ वर्ष पूर्व उनके बड़े भाई की भी सड़क हादसे में मृत्यु हो चुकी है।
काठगोदाम थाना प्रभारी जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है।