हल्द्वानी - 64.80 लाख की स्मैक के साथ यहां का तस्कर गिरफ्तार, सब्जी की आड़ में करने लगा काला कारोबार 

 

 

 

 

हल्द्वानी - नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 216 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद स्मैक की कीमत करीब 64 लाख 80 हजार रुपये आंकी है। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले का रहने वाला है और हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का काम करता था।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 16 नवंबर को मंडी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पीडब्ल्यूडी गेट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 216 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी पहचान सतीश कुमार (30) पुत्र ईश्वरी प्रसाद निवासी गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में की। उसके खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का कारोबार करता है। अधिक पैसा कमाने के लालच में वह अपने गांव के एक व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर हल्द्वानी लाया था। पुलिस के अनुसार आरोपी हिमाचल प्रदेश में भी एनडीपीएस के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर स्मैक की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों के अनुसार नशे की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।