हल्द्वानी - सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत पर मजिस्ट्रियल जांच शुरू, सिटी मजिस्ट्रेट को जांच अधिकारी किया है नामित
 

 

हल्द्वानी - पंचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है और संबंधित विभागों को आवश्यक सूचनाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। ए.पी. बाजपेयी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच के तहत परिवहन विभाग, पुलिस, यातायात विभाग और लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित एजेंसियों से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का विवरण, चालकों की जानकारी, ड्राइविंग लाइसेंस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पंचायतनामा और अन्य आवश्यक अभिलेख मांगे गए हैं।

प्रशासन ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज एकत्र कर उसकी गहन जांच करने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने और भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए ठोस सुझाव प्रस्तुत करने को कहा गया है।

जांच के दायरे में नो एंट्री के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश, क्षेत्र के ट्रैफिक प्लान, सड़क सुरक्षा मानकों के पालन और यातायात प्रबंधन व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी। लोक निर्माण विभाग को लिंक मार्ग, रैंप और फुटपाथ की तकनीकी स्थिति की जांच कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हादसे के संभावित तकनीकी कारणों का भी आकलन किया जा सके।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि घटना से संबंधित कोई भी जानकारी, साक्ष्य या बयान रखने वाले व्यक्ति 15 दिनों के भीतर नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर या पंजीकृत डाक के माध्यम से अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।