हल्द्वानी - राम राज्याभिषेक शोभायात्रा के चलते शहर में कल रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, जाम से बचने के लिए ट्रैफिक प्लान देखकर निकलें
हल्द्वानी - श्री राम राज्याभिषेक शोभायात्रा के आयोजन को देखते हुए 23 अक्टूबर 2026 को हल्द्वानी शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस की ओर से जारी ट्रैफिक डायवर्जन प्लान दोपहर एक बजे से शोभायात्रा की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। शोभायात्रा के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि रोडवेज, केमू, सिटी बसों और छोटे वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। शोभायात्रा ओके होटल तिराहे से नैनीताल बैंक तिराहे तक सड़क के दाहिनी ओर यानी रॉन्ग साइड से निकाली जाएगी। इसके अलावा शोभायात्रा की अलग-अलग स्थानों पर मौजूदगी के अनुसार यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा।
बसों के लिए निर्धारित किए गए वैकल्पिक मार्ग -
रामपुर रोड से आने वाली बसों को शोभायात्रा ओके होटल तिराहे से नैनीताल बैंक तिराहे और सिंधी चौराहे से ओके होटल तिराहे के बीच रहने पर टीपी नगर तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा। ये बसें होंडा शोरूम तिराहे से तीनपानी फ्लाईओवर, गोला बाईपास, नारीमन तिराहा काठगोदाम, तिकोनिया चौराहा और वर्कशॉप लाइन होते हुए रोडवेज स्टेशन पहुंच सकेंगी। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बसों को एफटीआई तिराहे से वापस भी किया जा सकता है।
बरेली रोड से आने वाली बसों को तीनपानी फ्लाईओवर से गोला बाईपास, नारीमन तिराहा काठगोदाम, तिकोनिया चौराहा और वर्कशॉप लाइन होते हुए रोडवेज स्टेशन भेजा जाएगा। जरूरत पड़ने पर इन बसों को होंडा शोरूम तिराहे से वापस किया जाएगा।
कालाढूंगी रोड से आने वाली बसों को लालडांठ तिराहे से डायवर्ट कर पनचक्की तिराहा, हाईडिल और तिकोनिया चौराहे होते हुए रोडवेज स्टेशन पहुंचाया जाएगा। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बसों को लालडांठ तिराहे से वापस किया जा सकता है।
रोडवेज बसों के प्रस्थान के लिए भी बदलेगा रास्ता -
जब शोभायात्रा प्रेम टॉकीज से केमू स्टेशन के बीच रहेगी, तब रोडवेज स्टेशन से बरेली रोड, रामपुर रोड, कालाढूंगी रोड और नैनीताल रोड की ओर जाने वाली रोडवेज व सिटी बसें रोडवेज के पश्चिमी गेट से होकर अपने गंतव्य को जाएंगी।
वहीं, जब शोभायात्रा ओके होटल से एसडीएम कोर्ट तिराहे के बीच रहेगी, तब रोडवेज स्टेशन से रामपुर रोड, बरेली रोड और पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाली रोडवेज व केमू बसें पूर्वी गेट से निकलकर ताज चौराहा और गोला पुल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।
छोटे वाहनों के लिए यह रहेगी व्यवस्था -
बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले छोटे वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोला पार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम से अपने गंतव्य को जाएंगे। अन्य छोटे वाहनों को शोभायात्रा ओके होटल से एसडीएम कोर्ट तिराहे और सिंधी चौराहे से ओके होटल के बीच रहने पर गांधी इंटर कॉलेज तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन एफटीआई तिराहा, आईटीआई तिराहा, कैंसर अस्पताल तिराहा और मुखानी चौराहे होते हुए आगे जा सकेंगे।
रामपुर रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले छोटे वाहन गन्ना सेंटर और शीतल होटल तिराहे से डायवर्ट होकर तीनपानी फ्लाईओवर, गोला पार रोड और नारीमन तिराहे से आगे जाएंगे। वहीं, हल्द्वानी शहर की ओर आने वाले वाहनों को संबंधित समयावधि में आईटीआई तिराहे से डायवर्ट कर कैंसर अस्पताल तिराहा और मुखानी चौराहे के रास्ते भेजा जाएगा।
कालाढूंगी रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले छोटे वाहन ऊंचापुल चौराहे या लालडांठ तिराहे से डायवर्ट होकर पनचक्की चौराहा, हाईडिल तिराहा और कॉलटैक्स तिराहे होते हुए नारीमन तिराहा पहुंचेंगे। हल्द्वानी शहर की ओर आने वाले वाहनों को शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग पर रहने के दौरान मुखानी चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्रों से बरेली रोड और रामपुर रोड की ओर जाने वाले छोटे वाहन नारीमन तिराहा काठगोदाम से गोला पार रोड होते हुए आगे जाएंगे। वहीं, कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाले वाहन कॉलटैक्स या हाईडिल तिराहे से डायवर्ट होकर पनचक्की चौराहा, चंबल पुल, चौफला चौराहा और ऊंचापुल चौराहे के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
नैनीताल रोड से हल्द्वानी आने वालों को भी करना होगा रूट का पालन -
काठगोदाम की ओर से नैनीताल रोड के रास्ते हल्द्वानी शहर में आने वाले वाहनों को शोभायात्रा की स्थिति के अनुसार वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
जब शोभायात्रा ओके होटल से एसडीएम कोर्ट तिराहे के बीच रहेगी, तब महारानी होटल तिराहे से वाहनों को डायवर्ट कर कुल्यालपुरा चौराहे और पानी की टंकी के रास्ते भेजा जाएगा।
वहीं, जब शोभायात्रा प्रेम टॉकीज तिराहे से केमू स्टेशन तिराहा, ताज चौराहा होते हुए सिंधी चौराहे के बीच रहेगी, तब तिकोनिया चौराहे से नैनीताल बैंक तिराहा और अर्बन बैंक तिराहे के रास्ते वाहन अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
शोभायात्रा के दौरान इन मार्गों पर पूरी तरह प्रतिबंध -
शोभायात्रा के एसडीएम कोर्ट तिराहे से भारद्वाज तिराहा, ताज चौराहा होते हुए सिंधी चौराहे के बीच रहने पर चार प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
तिकोनिया चौराहे से वर्कशॉप लाइन होते हुए ताज चौराहे की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
गोला पुल से ताज चौराहे की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
सिंधी चौराहे से मीरा मार्ग होते हुए ताज चौराहे की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
ओके होटल तिराहे से पटेल चौक की ओर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
पुलिस की ओर से जारी डायवर्जन प्लान के अनुसार यातायात व्यवस्था शोभायात्रा की लोकेशन के आधार पर बदली जाएगी। ऐसे में 23 अक्टूबर को हल्द्वानी से गुजरने वाले वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और यात्रा पर निकलने से पहले रूट की जानकारी लेने की सलाह दी जाती है।