हल्द्वानी - बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 108 घरों और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, बनभूलपुरा में सात टीमों ने चलाया अभियान
हल्द्वानी - शहर के बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सोमवार सुबह व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। सुबह पांच बजे से शुरू हुई कार्रवाई में विभाग की सात टीमों ने किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर समेत चिह्नित इलाकों में घरों और प्रतिष्ठानों की जांच की। विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान 108 घरों और प्रतिष्ठानों में बिजली चोरी के मामले सामने आए। संबंधित मामलों में मुकदमे दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि जांच के दायरे में आए मीटरों को सीज किया गया है।
कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में अधिशासी अभियंता, एसडीओ, एई, जेई, विभागीय विजिलेंस और पुलिस की टीमें शामिल रहीं। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान बिजली के तारों में कटिया डालकर बिजली इस्तेमाल करने और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले सामने आए।
50 से 55 प्रतिशत तक लाइन लॉस मिलने पर हुई कार्रवाई -
मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने बताया कि विद्युत विभाग पिछले एक महीने से अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों के फीडरों का अध्ययन कर रहा था। इस दौरान बनभूलपुरा क्षेत्र के कुछ फीडरों पर 50 से 55 प्रतिशत तक लाइन लॉस पाया गया। इसके बाद संबंधित क्षेत्रों को चिह्नित कर व्यापक चेकिंग अभियान चलाने की योजना बनाई गई। विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य बिजली चोरी पर अंकुश लगाना और नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही।
मीटर बाहर शिफ्ट करने और स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी -
बिजली चोरी रोकने के लिए विद्युत विभाग अब क्षेत्र में अतिरिक्त कदम उठाने की तैयारी कर रहा है। मुख्य अभियंता ने बताया कि घरों के अंदर लगे बिजली मीटरों को बाहर शिफ्ट करने और सामान्य केबल की जगह आर्मर्ड केबल लगाने की योजना है। इसके साथ ही क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का काम भी शुरू किया जाएगा।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली कनेक्शन दिलाने या बिल जमा कराने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति पैसे मांगता है तो इसकी शिकायत पुलिस से करें। उन्होंने यह भी बताया कि निरीक्षण के दौरान विभागीय कर्मचारियों से जुड़ी कुछ शिकायतें सामने आई हैं। इन मामलों की जांच के बाद नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारी रवि कुमार राजोरा, अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार, बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल सहित विभागीय विजिलेंस टीम और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।