हल्द्वानी - पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, स्मैक और अवैध शराब के साथ तीन अलग- अलग मामलों में तस्कर गिरफ्तार
नैनीताल/हल्द्वानी - एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध मादक पदार्थों व शराब तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हल्द्वानी, बनभूलपुरा एवं मुक्तेश्वर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए स्मैक व अवैध देशी शराब के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
बनभूलपुरा में स्मैक तस्कर गिरफ्तार -
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में बनभूलपुरा पुलिस ने दिनांक 29 जनवरी 2026 को चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन बनभूलपुरा के समीप एक युवक को 8.92 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त जावेद पुत्र मोहम्मद याकूब, निवासी गफूर बस्ती, हाल निवासी जवाहर नगर थाना बनभूलपुरा, उम्र 24 वर्ष है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना बनभूलपुरा में मु.अ.सं. 20/26 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वयं नशे का आदी होने व स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की बात स्वीकार की है।
हल्द्वानी में अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार -
इसी अभियान के तहत कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में दिनांक 30 जनवरी 2026 को गौला गेट चौकी क्षेत्र राजपुरा से एक व्यक्ति को 58 पाउच माल्टा स्पेशल मसालेदार देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त सुशील कुमार पुत्र स्व. भागीरथ, निवासी वार्ड नंबर 12 राजपुरा, कोतवाली हल्द्वानी, उम्र 35 वर्ष है। अभियुक्त के विरुद्ध एफआईआर संख्या 35/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
मुक्तेश्वर में 92 टेट्रा पैक शराब बरामद -
मुक्तेश्वर पुलिस ने पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा, क्षेत्राधिकारी भवाली दीपशिखा अग्रवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष जगदीप नेगी के नेतृत्व में दिनांक 29 जनवरी 2026 को चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को 92 टेट्रा पैक देशी मसालेदार शराब के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त बिट्टू मौर्य पुत्र रामचंद्र, निवासी किशनपुर सुकुनिया, मोटाहल्दू, जनपद नैनीताल, उम्र 29 वर्ष है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना मुक्तेश्वर में एफआईआर संख्या 03/26 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
नशे के विरुद्ध अभियान जारी -
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी थाना प्रभारियों को लगातार सघन चेकिंग एवं कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जनपद पुलिस द्वारा आगे भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा।