हल्द्वानी - पुलिस और एसओजी की बड़ी सफलता, 60 लाख रुपये मूल्य की स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
 

 

हल्द्वानी - मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” को साकार करने की दिशा में नैनीताल एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी की लगातार प्रभावी कार्यवाही का नतीजा सामने आया है। नैनीताल और हल्द्वानी पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान 60 लाख रुपये से अधिक मूल्य की 203 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, थाना पुलिस और एसओजी टीम ने 25 मार्च 2026 को बेलबाबा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक महिला संदिग्ध दिखाई दी। पूछताछ और तलाशी में उसके कब्जे से 203 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुआ।

गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान कनिका पत्नी विजय, निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैम्प, जिला ऊधम सिंह नगर, उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है। अभियुक्ता के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभियुक्ता के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने टीम के उत्साहवर्धन हेतु ₹2,500/- इनाम देकर पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया। यह कार्रवाई युवाओं को नशे के खतरे से बचाने और जिले में ड्रग्स तस्करी पर सख्त नजर रखने का संदेश है