हल्द्वानी - नर्सिंग अधिकारी भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में आक्रोश, कुमाऊँ आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
हल्द्वानी - उत्तराखण्ड में चल रही नर्सिंग अधिकारी भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में भारी असंतोष और आक्रोश देखने को मिल रहा है। भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और पारदर्शिता की कमी को लेकर अभ्यर्थियों ने कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत को ज्ञापन सौंपते हुए पूर्व की भांति वर्षवार भर्ती प्रणाली लागू करने की मांग की है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्तमान भर्ती प्रक्रिया न्यायसंगत नहीं है और इससे हजारों योग्य उम्मीदवारों का भविष्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने मांग की कि नर्सिंग अधिकारी भर्ती परीक्षा का वर्तमान पोर्टल तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए और नई भर्ती प्रक्रिया को वर्षवार आधार पर पुनः शुरू किया जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग रखी गई है कि आईपीएचएस (IPHS) मानकों के अनुसार शिक्षा स्वास्थ्य विभाग एवं चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में लगभग 2500 रिक्त पदों पर एक साथ भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए। इसके साथ ही आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों को विशेष आयु छूट देने तथा उत्तराखण्ड के मूल निवासियों को भर्ती में प्राथमिकता दिए जाने की मांग भी उठाई गई है।
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई किए जाने की स्थिति में अनिश्चितकालीन धरना स्थगित किया जा सकता है। नर्सिंग भर्ती को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब अभ्यर्थियों सहित सभी की निगाहें प्रशासन के फैसले पर टिकी हुई हैं।