हल्द्वानी - राष्ट्रीय दृष्टिबाधित सशक्तिकरण को मिला नया संबल, हल्द्वानी में राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद की बैठक हुई संपन्न

 

हल्द्वानी - National Association for the Blind India (NAB India) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद की बैठक के अवसर पर हल्द्वानी स्थित NAB उत्तराखंड राज्य शाखा द्वारा एक गरिमामय स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन राज्य शाखा की अध्यक्षा सविता लाहोटी एवं महासचिव रघुबीर सिंह कलाकोटी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक तिलक एवं पुष्प स्वागत के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में आत्मीयता और उत्साह का संचार हुआ। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, चंडीगढ़ एवं उत्तराखंड से आए पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. विमल कुमार डेंगला (चेयरमैन ट्रस्टी एवं सचिव जनरल, NAB India, मुंबई) तथा विशिष्ट अतिथि प्रताप सिंह सिंधु रहे। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अनेक सदस्य, जिनमें गोपाल कृष्ण अग्रवाल, हेम सिंह यादव, संजय राय, शैलेन्द्र जैन, पल्लवी कदम, यूसुफी काबड़िया, हरिशंकर सिंह एवं रामाकांत साटम कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वर्गीय भुवन चंद खंडूरी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम को पूर्ण सादगी के साथ, बिना संगीत एवं वाद्य यंत्रों के आयोजित किया गया, जिससे इसकी गंभीरता और गरिमा और अधिक बढ़ गई।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, कर्मचारियों, दानदाताओं एवं स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। साथ ही, राज्य शाखा की अध्यक्षा सविता लाहोटी एवं महासचिव रघुबीर सिंह कलाकोटी को दृष्टिबाधित व्यक्तियों के सशक्तिकरण, शिक्षा, पुनर्वास एवं कौशल विकास के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान हेतु विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों ने उत्तराखंड शाखा द्वारा संचालित विद्यालय एवं विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, पुनर्वास, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों के माध्यम से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

मुख्य अतिथि डॉ. विमल कुमार डेंगला ने अपने संबोधन में उत्तराखंड राज्य शाखा के कार्यों को सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने भविष्य में शाखा के विस्तार एवं विकास हेतु NAB India की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समाज में समावेशन, समान अवसर एवं गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। अंत में सभी उपस्थित अतिथियों ने उत्तराखंड राज्य शाखा द्वारा किए गए सफल आयोजन, आत्मीय आतिथ्य एवं समर्पित प्रयासों की सराहना की।