हल्द्वानी - नैनीताल जिले में फर्जी दस्तावेजों पर प्रशासन का बड़ा अभियान, दर्जनों प्रमाणपत्र निरस्तीकरण की प्रक्रिया में
हल्द्वानी - नैनीताल जिले में फर्जी दस्तावेजों से जुड़े मामलों में तेज़ी से बढ़ती शिकायतों के बीच प्रशासन ने जांच अभियान को और सख्त तथा तेज कर दिया है। जिले की सभी तहसीलों में एसडीएम स्तर की टीमें प्रमाणपत्रों और अन्य आधिकारिक दस्तावेजों की गहन जांच कर रही हैं। डेमोग्राफिक बदलाव से जुड़े मामलों पर जानकारी देते हुए एडीएम नैनीताल विवेक राय ने बताया कि अब तक 48 स्थायी निवास प्रमाणपत्र निरस्तीकरण प्रक्रिया में हैं, जबकि 12 प्रमाणपत्रों की दोबारा जांच (री-चेक) की जा रही है। इसके अतिरिक्त 60 स्थायी निवास प्रमाणपत्रों में गंभीर विसंगतियाँ मिली हैं, जिनकी जांच फिलहाल जारी है।
दस्तावेज़ों के साथ-साथ राशन कार्डों की भी व्यापक जांच की जा रही है। प्रशासन को अब तक 900 से अधिक ऐसे राशन कार्ड मिले हैं, जो अनुचित तरीके से बनवाए गए थे और जिनके कारण कई पात्र व्यक्तियों को उनके अधिकार से वंचित होना पड़ा। ऐसे सभी राशन कार्डों को निरस्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि आधार और राशन कार्ड के दुरुपयोग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ न ले सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी सख़्ती के साथ जारी रहेगा और फर्जी दस्तावेज तैयार करने या उनका उपयोग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।