हल्द्वानी - सांसद अजय भट्ट ने रोडवेज बस से की दिल्ली यात्रा, दिया ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संदेश
हल्द्वानी - पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने शुक्रवार को हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से दिल्ली के लिए रोडवेज बस द्वारा यात्रा कर आमजन को सार्वजनिक परिवहन अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान सांसद अजय भट्ट ने कहा कि उनकी यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “ईंधन बचाओ – पर्यावरण बचाओ” संकल्प से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
सांसद भट्ट ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव लाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे। उन्होंने कहा कि बस, ट्रेन और साझा वाहनों जैसे सार्वजनिक परिवहन साधनों का अधिक उपयोग करने से ईंधन की बचत होती है और प्रदूषण भी कम होता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सहभागिता से ही इसे सफल बनाया जा सकता है। सार्वजनिक परिवहन को अपनाकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण दिया जा सकता है।
सांसद अजय भट्ट ने लोगों से निजी वाहनों के अनावश्यक उपयोग को कम करने और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” की भावना से उठाया गया हर छोटा कदम देश को और अधिक मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा।