हल्द्वानी - मेडिकल कॉलेज को धमकी भरा ई-मेल आने से मचा हड़कंप, कक्षाएं बंद बढ़ाई गई सुरक्षा
हल्द्वानी - शहर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब मेडिकल कॉलेज की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा मेल प्राप्त होने की सूचना सामने आई। हाल ही में उत्तराखंड हाईकोर्ट और जिला न्यायालय को मिली धमकियों के बाद यह मामला सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य गोविंद सिंह तितियाल ने बताया कि जैसे ही धमकी भरे ई-मेल की जानकारी मिली, तत्काल इसकी सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल और सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को दे दी गई।
एहतियातन कॉलेज की सभी कक्षाएं तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गईं और छात्रों को घर भेज दिया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुशीला तिवारी अस्पताल परिसर में व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने पहले अस्पताल परिसर की गहन तलाशी ली और इसके बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में भी जांच पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ई-मेल की सत्यता और स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है। फिलहाल पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जांच जारी है।