हल्द्वानी - फेसबुक पर हुई दोस्ती बनी मुसीबत, शादीशुदा महिला को शादी का दबाव और धमकियां, मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी - सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक विवाहिता के लिए परेशानी का कारण बन गई। आरोप है कि रुद्रपुर निवासी युवक ने पहले दोस्ती का फायदा उठाकर महिला पर शादी का दबाव बनाया और विवाह के बाद भी उसका पीछा नहीं छोड़ा। लगातार मानसिक उत्पीड़न और धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से रुद्रपुर के दूधिया नगर कैनाल कॉलोनी निवासी विकास कश्यप से हुई थी। शुरुआत में सामान्य बातचीत के बाद आरोपी उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। पीड़िता के अनुसार, आरोपी बिना मांगे महंगे उपहार भेजता था और ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर करने की भी कोशिश करता था, जिन्हें वह हर बार लौटा देती थी।
आरोप है कि एक दिन युवक बहाने से उसे हल्द्वानी के एक होटल ले गया। महिला ने होटल में रुकने से इनकार किया, लेकिन आरोपी ने केवल कुछ समय बातचीत और आराम करने की बात कहकर उसे वहां रुकने के लिए मना लिया। पीड़िता का कहना है कि इसके बाद आरोपी उसके कार्यालय के बाहर छुट्टी के समय पहुंचने लगा और बाइक पर बैठने का दबाव बनाता था। इसी वर्ष फरवरी में महिला का विवाह हो गया, लेकिन इसके बावजूद आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके मामा, भाई और अन्य रिश्तेदारों के व्हाट्सएप नंबरों पर आपत्तिजनक संदेश भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर उसने पुलिस की शरण ली। कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।