हल्द्वानी - विवाहिता से दरिंदगी, पति पर दोस्तों संग संबंध बनाने का दबाव, कमरे में कैद रखने और मारपीट का आरोप
हल्द्वानी - शहर में एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर पर गंभीर उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2024 में एक कपड़ा कारोबारी से हुई थी, जिसकी मीरा मार्ग स्थित कपड़ों की दुकान है।
महिला का आरोप है कि शादी के दो माह बाद से ही पति उसके साथ मारपीट करने लगा। उसने यह भी आरोप लगाया कि पति घर आने वाले मेहमानों के लिए मांस और शराब परोसने का दबाव बनाता था। महिला ने पति पर बिना सहमति अप्राकृतिक संबंध बनाने और दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
पीड़िता का कहना है कि पिछले कई महीनों से उसे घर के एक कमरे में कैदियों की तरह रखा गया। उसके खाने-पीने की व्यवस्था मायके वाले कर रहे थे। महिला ने आरोप लगाया कि एक बार पति और सास ने बेलन से मारपीट कर उसका गला दबाने और मुंह में नशीला पदार्थ डालने की कोशिश की। घटना के बाद उसने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया था। आरोप है कि होली के दिन जब उसके भाई-बहन मिलने पहुंचे तो पति और सास ने उनके साथ भी मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया।
मनोज कत्याल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ मारपीट, धमकी और अवैध रूप से बंधक बनाने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।