हल्द्वानी - श्रम विभाग में फेरबदल, उप श्रमायुक्त कमल जोशी का हरिद्वार ट्रांसफर, मधु नेगी चौहान को मिली हल्द्वानी की ज़िम्मेदारी
देहरादून - उत्तराखंड शासन ने श्रम विभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए तीन उप श्रमायुक्तों के तबादले कर दिए हैं। इस संबंध में श्रम अनुभाग द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं। शासन का कहना है कि स्थानांतरण जनहित एवं प्रशासनिक आवश्यकता को देखते हुए किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार, मधु नेगी चौहान को देहरादून से हल्द्वानी भेजा गया है।
वहीं विपिन कुमार का हरिद्वार से देहरादून तबादला किया गया है। उन्हें उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (यूकेबीओसीडब्ल्यू) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इसके अलावा कमल जोशी को हल्द्वानी से हरिद्वार स्थानांतरित किया गया है। शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। अपर सचिव विनीत कुमार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारी कार्यभार ग्रहण करने के बाद इसकी सूचना शासन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।