हल्द्वानी - कालाढूंगी फायरिंग मामला, पुलिस तीन ने आरोपियों को किया गिरफ्तार, अवैध असलहे जिंदा कारतूस बरामद

 

नैनीताल - कालाढूंगी क्षेत्र में दिनांक 14 फरवरी 2026 की रात हुई फायरिंग और झगड़े के मामले में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करवाया। घटना की सूचना चौकी बेलपड़ाव पर डायल 112 के माध्यम से मिली थी। हल्द्वानी रोड पर बैलपोखरा गांव जाने वाले तिराहे के पास कुछ व्यक्तियों के बीच झगड़ा और फायरिंग की सूचना पर क्षेत्राधिकारी रामनगर, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी और पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे। हालांकि, मौके पर कोई उपस्थित नहीं था। घटनास्थल का निरीक्षण और वीडियोग्राफी के दौरान खोखे बरामद किए गए।

वादिनी बलजीत कौर, निवासी ग्राम बच्चीनगर ने 16 फरवरी को नामजद आरोपियों—रंजीत सिंह, मनदीप सिंह उर्फ मंगा, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोप्पी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी। इसके आधार पर कोतवाली कालाढूंगी में FIR No. 17/2026 दर्ज की गई। एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पाण्डे के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने अभियुक्तों की तलाश शुरू की। 20 फरवरी को गडप्पू बैरियर के पास से सभी अभियुक्त—गुरप्रीत सिंह, रंजीत सिंह और मनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामदगी:
गुरप्रीत सिंह से 01 देशी पिस्टल व 02 जिंदा कारतूस
रंजीत सिंह से 01 देशी पिस्टल व 02 जिंदा कारतूस
मनदीप सिंह से .22 बोर का तमंचा व 01 जिंदा कारतूस
घटनास्थल से 11 खोखे (32 बोर) और 02 खोखे (.22 बोर)

 

पूछताछ में सामने आया कि यह झगड़ा पुरानी रंजिश के कारण हुआ। घटना की रात हरभजन नामक व्यक्ति ने रंजीत सिंह को बुलाया, जिसके बाद आरोपियों ने मारपीट और फायरिंग की। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ FIR No. 18/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट भी दर्ज की गई है। न्यायालय ने सभी पर गैर-जमानती वारंट जारी किए हैं। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम की तत्परता और उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें 1,500 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया।